पाकिस्तान के सिंध में एक बार फिर एक हिन्दू लड़की का अपहरण कर जबरन इस्लाम कबूल करवाने की कोशिश की गई। लड़की ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए एक वीडिओ में बताया कि सिंध प्रांत के उमरकोट के समारो शहर में उसके साथ बलात्कार किया गया और पुलिस में शिकायत करने के बावजूद अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है।
सिंध में हिन्दू समुदाय के एक स्थानीय नेता ने बताया कि अपहर्ताओं के चंगुल से छूटने के बाद लड़की ने मीरपुर खास पुलिस स्टेशन में अपहरण और बलात्कार का मामला दर्ज करवाया था। हालांकि नामजद होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। मामले में लड़की और उसके परिवार ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया, लेकिन फिर भी पुलिस द्वारा इस मामले में कार्रवाई करने में कोताही बरती जा रही है।
पहले से शादीशुदा है लड़की
इस मामले में कट्टरपंथियों के अत्याचार का शिकार बनी लड़की पहले से शादीशुदा है। उसने दावा किया है कि उसे इब्राहीम मंगरियों, पुन्हो मंगरियों और इनके कुछ साथियों ने अगवा किया था। लड़की ने कहा कि उसे धमकी दी गई और धर्म परिवर्तन करके इस्लाम कबूल करने के लिए कहा गया। लेकिन जब उसने मना कर दिया तो उसके साथ तीन दिन तक बलात्कार किया गया।
पीड़ित ने कहा अपहरणकर्ताओं ले चंगुल से छूटने के बाद वह अपने घर लौट आई और परिजनों को मामले की जानकारी दी।
सिंध में जबरन धर्मांतरण एक बड़ी समस्या बन चुका है
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिन्दू लड़कियों का अपहरण और जबरन धर्मांतरण एक बड़ी समस्या का रूप ले चुका है। पाकिस्तान के इस हिन्दू बहुल इलाके में मुख्य रूप से थार, उमरकोट, मीरपुरखास, घोटकी और खैरपुर आदि क्षेत्रों में हिंदुओं की बड़ी आबादी रहती है। यहाँ के ज्यादातर हिन्दू मजदूरी करते हैं।
पिछले साल जून में एक हिन्दू लड़की करीना कुमारी ने अदालत में बताया था कि उसका अपहरण कर के जबरन धर्मांतरण करवाया गया और उसकी शादी एक मुस्लिम युवक से करवा दी गई। पिछले साल मार्च में भी तीन हिन्दू लड़कियों सत्रण ओद, कविता भील और अनीता भील का अपहरण कर लिया गया था। इसन्हे भी इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया गया और बाद में मुस्लिम युवकों से इनकी शादी करवा दी गई।
एक अन्य मामले में पूजा कुमारी नाम की एक हिन्दू लड़की का अपहरण करने की कोशिश की गई थी और सफल नहीं होने पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सिंध में उम्रदराज हिन्दू महिलायें भी सुरक्षित नहीं
ऐसा नहीं है कि पाकिस्तान में कट्टरपंथी मुस्लिम सिर्फ हिन्दू युवतियों को ही निशाना बनाते हैं, बल्कि इनके निशाने पर उम्रदराज हिन्दू महिलायें भी होती है। ऐसे एक मामले में सिंध के ही खीपरों क्षेत्र से चार बच्चों की माँ गोरी कोहली का अपहरण कर लिया गया था। बाद में पता चला कि उसे जबरन इस्लाम कबूल करवा दिया गया उर उसकी शादी एजाज मर्री नाम के एक मुस्लिम शख्स से करवा दी गई थी।
