कथित रूप से इस्लाम और कुरान का अपमान करने के आरोप लगने के बाद पाकिस्तान के हैदराबाद में एक कट्टर इस्लामी भीड़ ने एक दलित हिन्दू युवक अशोक कुमार के घर पर हमला कर दिया। अशोक कुमार पर पाकिस्तान के कठोर ईशनिंदा कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ये सामने आया है कि किताब को नष्ट करने की कोशिश एक मुस्लिम महिला द्वारा की गई थी। इस मामले में बिलाल अब्बासी नाम के एक दुकानदार ने पाकिस्तानी दंड संहिता की धारा 295B के तहत मुकदमा दर्ज करवाया था।
इसके बाद अशोक कुमार को गिरफ्तार करने हैदराबाद पुलिस उसके घर गई थी, जिसकी खबर फैलने के बाद कट्टरपंथी मुस्लिम भीड़ ने उसके घर पर हमला कर दिया और घर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की। कट्टरपंथियों ने पुलिस से अशोक कुमार को उन्हें सौंपने की मांग की।
सोशल मीडिया पर चल रहे कुछ वीडियोज़ में देखा जा सकता है कि लोग अशोक कुमार के घर में जबरदस्ती घुसने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोग उसके घर के दरवाजे पर पत्थरों से भी हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। कट्टरपंथियों की बढ़ती भीड़ के बीच पाकिस्तानी पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया ताकि भीड़ को काबू किया जा सके। इस भीड़ ने पास के ही एक हिन्दू मंदिर में तोड़ फोड़ करने की कोशिश की जिसके बाद यह लाठीचार्ज किया गया।
पाकिस्तान के मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार एक मुस्लिम महिला ने ही कुरान को नष्ट करने की कोशिश की थी, जबकि बिलाल नाम के दुकानदार ने आपसी रंजिश में अशोक कुमार को इस मामले में निशाना बनाया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में कट्टरपंथी मुस्लिमों द्वारा कठोर ईशनिंदा कानून का फायदा अपनी निजी रंजिश में भी उठाया जाता रहा है। लोग अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए भी ईशनिंदा कानून का दुरुपयोग करते रहे हैं।
