पाकिस्तान में गैर मुस्लिमों, विशेष रूप से हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण बहुत बड़ा मसला बन चुका है। सिंध प्रांत में हिंदुओं के धर्मांतरण के लिए की तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं जिनमें नाबालिग हिन्दू लड़कियों का अपहरण और फिर बलात्कार के बाद जबरन निकाह, गरीब हिंदुओं को लालच देकर इस्लाम में कन्वर्ट करना आदि शामिल है। हाल के मामले में पाकिस्तान के मीरपुर खास क्षेत्र में 50 हिंदुओं को इस्लाम में कन्वर्ट करके मुसलमान बनाया गया है। चौंकाने वाली बात ये है कि इन 50 लोगों में एक साल की बच्ची भी शामिल है। धर्मांतरण के इस मौके पर पाकिस्तान में मजहबी मामलों के मंत्री मोहम्मद ताल्हा महमूद के बेटे मोहम्मद शमरोज खान, जो कि खुद भी सांसद हैं, मौजूद रहे।
हिंदुओं का धर्मांतरण करवाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इन 50 लोगों को 4 महीने तक एक विशेष जगह पर रखा गया था, जिसे एक तरह से इस्लाम का ट्रेनिंग सेंटर कहा जा सकता है। इस सेंटर में इन लोगों को इस्लामी तौर तरीके सिखलाए गए और इस्लाम के मूल सिद्धांतों से परिचय करवाया गया।
हिंदुओं को मुसलमान बनाने की इस घटना का खुलासा पाकिस्तानी अखबार ‘द एक्स्प्रेस ट्रिब्यून’ की एक रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह कार्यक्रम बैतूल ईमान न्यू मुस्लिम कॉलोनी के एक मदरसे में किया गया था।
धर्मांतरण करवाने वाले संगठन के केयरटेकर कारी तैमूर राजपूत के मुताबिक कुल 10 परिवारों का धर्मांतरण करवाया गया है। वे लोग मर्जी से इस्लाम में दाखिल हुए हैं और हमने कोई दबाव नहीं डाला है।
हिन्दू नेताओं ने किया विरोध
दूसरी ओर पाकिस्तान के हिन्दू कार्यकर्ता फाकिर शिवा ने इस कार्यक्रम का विरोध किया है। शिवा के मुताबिक यह साफ नजर आ रहा है कि अब सरकार ही दूसरे धर्म के लोगों को इस्लाम में कन्वर्ट करवा रही है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग वर्षों से यह मांग कर रहे हैं कि इस तरह के सामूहिक धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाया जाए, लेकिन हमारी बात कोई नहीं सुनता। सिंध में तो यह बहुत बड़ा मसला बन चुका है। अब तो केबिनेट मिनिस्टर का सांसद बेटा भी इस तरह के कार्यक्रम में शामिल हो रहा है।

शिवा के अनुसार ये हमारे लिए बहुत फिक्र की बात है कि धर्मांतरण किस पैमाने पर हो रहा है। लेकिन हम मजबूर हैं। हमारे समुदाय में पहले ही बहुत गरीबी है। इसका फायदा मजहबी लोग उठाते हैं और लोगों को लालच देकर उन्हे कन्वर्ट कराया जाता है।
चुने हुए हिन्दू सांसद तक पर कन्वर्ट होने के लिए दबाव डाला जाता है
पाकिस्तान में आम हिंदुओं की क्या स्थिति है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हिंदुओं के चुने हुए सांसद तक पर उनके साथी सांसद इस्लाम में परिवर्तित होने का दबाव डालते हैं। करीब एक महीने पहले पाकिस्तान के एक हिन्दू सांसद दानिश कुमार ने संसद में बयान दिया था कि उनके साथी सांसद ही उन्हे इस्लाम मे कन्वर्ट होने के लिए कह रहे हैं।
बलूचिस्तान के नेता दानिश कुमार ने कहा था कि यहाँ पर मेरे दोस्त हैं जो मुझसे कहते हैं कि दानिश कुमार कलमा पढ़ लो, मुसलमान हो जाओ। मैं इन लोगों से कहना चाहता हूँ कि पहले आप उन शैतानों को इस्लाम का पालन करने के लिए कहें जो मुनाफाखोर हैं। फिर दानिश कुमार के ऊपर आकर तब्लीग करें। मैं चाहता हूं कि मुझसे ये वादा किया जाए कि जब तक ये उन लोगों से इस्लाम का पालन नहीं करवाते, तब कर मुझ पर तब्लीग नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि दानिश कुमार बलूचिस्तान अवामी पार्टी से अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित सीट पर सांसद चुने गए थे। वे 2018 से सांसद हैं। इससे पहले वे बलूचिस्तान की विधानसभा में भी सदस्य रह चुके हैं।
